रुद्राभिषेक
हमारे दु:खों के कारण हैं हमारे द्वारा किये गए पाप कर्म रुद्राभिषेक से हमारी कुंडली से पाप कर्म तथा महापाप कर्म भी जलकर भस्म हो जाते हैं और यजमान में शिवत्व का उदय होता है एवं भगवान शिव की असीम कृपा भक्त को प्राप्त होती है और यजमान की सभी मनोकामना पूर्ण होती हैं। ऐसा कहा जाता है कि केवल भगवान शिव अर्थात रुद्र के पूजन से सभी देवताओं की पूजा स्वत: हो जाती है। रुद्रहृदयोपनिषद में प्रभु शिव के बारे में कहा गया है कि सर्वदेवात्मको रुद्र: सर्वे देवा: शिवात्मका अर्थात सभी देवताओं की आत्मा में रुद्र उपस्थित हैं और सभी देवता रुद्र की आत्मा हैं। हमारे धर्म गर्न्थो के अनुसार अलग अलग कामनाओं की पूर्ति के लिए रुद्राभिषेक के पूजन के निमित्त अनेक द्रव्यों तथा पूजन सामग्री को बताया गया है। साधक रुद्राभिषेक पूजन भिन्न भिन्न विधि से तथा अलग अलग मनोरथ को लेकर करते हैं। किसी खास मनोरथ की पूर्ति के लिए उसी के अनुसार पूजन सामग्री तथा विधि से रुद्राभिषेक किया जाता है। परंतु विशेष अवसर जैसे सोमवार, प्रदोष और शिवरात्रि आदि पर्व के दिनों में मंत्र, गोदुग्ध या अन्य दूध गंगा जल एवं शुद्ध जल में मिलाकर अथवा केवल दूध से भी अभिषेक किया जाता है। विशेष पूजा में दूध, दही, घृत, शहद एवं चीनी से अलग-अलग अथवा सबको मिलाकर पंचामृत से भी अभिषेक किया जाता है। तंत्रों में रोग निवारण हेतु अन्य विभिन्न वस्तुओं जैसे गिलोय, गन्ने के रस, हल्दी इत्यादि से भी अभिषेक करने का विधान है। इस प्रकार भिन्न भिन्न द्रव्यों से शिवलिंग का अलग अलग अभिषेक करने पर अभीष्ट कामना की पूर्ति होती है। इसमें कोई संदेह नहीं कि किसी भी प्राचीन एवं नियम से पूजे जाने वाले शिवलिंग का अभिषेक बहुत ही उत्तम फल देता है।